बरेली: मेगा फूड पार्क को बाढ़ से बचाने के लिए बांध निर्माण की तैयारी तेज, जमीन खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ी

बरेली। औद्योगिक आस्थान स्थित मेगा फूड पार्क को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए किच्छा नदी पर मार्जिनल बांध बनाया जाएगा। इसके लिए 1.9139 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। भूमि क्रय से पहले राजस्व, यूपीसीडा और बाढ़ खंड के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सर्वे पूरा कर लिया है। अब क्रय दर निर्धारण और भूमि मूल्य अनुमोदन के लिए समिति गठित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, ताकि 31 जनवरी तक बाढ़ खंड को भूमि उपलब्ध कराई जा सके।

गौरतलब है कि अक्टूबर 2021 में किच्छा नदी में आई बाढ़ से मेगा फूड पार्क में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश बाढ़ नियंत्रण परिषद की तकनीकी सलाहकार समिति ने मार्जिनल बांध निर्माण की सिफारिश की थी। प्रस्तावित बांध के लिए 2750 मीटर लंबाई और 25 मीटर चौड़ाई में भूमि की जरूरत बताई गई थी, लेकिन अब तक जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी थी।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदल रहा समाज – सीडीओ देवयानी

बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता नवीन कुमार ने यूपीसीडा को पत्र लिखकर 31 जनवरी तक भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। इसके तहत यूपीसीडा ने किच्छा नदी किनारे ग्राम भिकारीपुर की 0.5557 हेक्टेयर और ग्राम मुड़िया मुकर्रमपुर की 1.3582 हेक्टेयर—कुल 1.9139 हेक्टेयर भूमि के क्रय का प्रस्ताव तैयार किया है।

यूपीसीडा ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को भेजे पत्र में बताया कि तहसीलदार बहेड़ी की अध्यक्षता में राजस्व, यूपीसीडा और बाढ़ खंड के सहायक अभियंता की संयुक्त टीम ने किसानों की भूमि का सर्वे कर लिया है। अब शासनादेश के अनुसार 10 करोड़ रुपये तक की भूमि क्रय के लिए एडीएम फाइनेंस की अध्यक्षता में समिति गठित करने की अनुमति मांगी गई है, जिसमें विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, एसडीएम व सब-रजिस्ट्रार बहेड़ी, बाढ़ खंड अधिशासी अभियंता और यूपीसीडा के वरिष्ठ सिविल प्रबंधक शामिल होंगे।

समिति की मंजूरी मिलते ही भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी कर बांध निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.