गोरखपुर में भाजपा नेता पर गोलीबारी, छह के खिलाफ एफआईआर, तीन हिरासत में

गोरखपुर। गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र में भाजपा नेता राधामोहन सिंह पर हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने छह नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भैसहा गांव निवासी भाजपा नेता और आरएसएस से जुड़े राधामोहन सिंह को मंगलवार रात करीब 8.45 बजे बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। गोली उनकी पीठ में लगी थी। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने गोली निकाल दी।

यह भी पढ़े - Amroha: शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख की ठगी, महिला समेत तीन पर एफआईआर

गगहा थाना पुलिस ने अनुज साहनी उर्फ गुल्ली, अभिषेक पासवान, मनीष यादव, ऋषिकेश यादव, दो अन्य बाइक सवार और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद आरोपी ऋषिकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी शामिल बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वर्ष 2023 में गांव में छात्राओं से छेड़खानी के एक मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.