रामनगर, हैदरगढ़ और बाराबंकी में सड़क हादसे: दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

रामनगर/हैदरगढ़/बाराबंकी: अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाओं की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

रामनगर: बस और कार की टक्कर में महिला की मौत

गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय यूनुस, अपनी पत्नी नाहिद (55) और माता बदरुल निशा (80) के साथ कार से घर लौट रहे थे। बुधवार शाम जब वे बाराबंकी-गोंडा हाईवे पर ग्राम सुरवारी के निकट लाजवाब ढाबा के पास पहुंचे, तो गोंडा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में यूनुस, उनकी पत्नी नाहिद और माता बदरुल निशा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बस यात्री मनीष (निवासी शिवपुरा उज्जैनीकला, गोंडा) भी चोटिल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने बदरुल निशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि यूनुस और नाहिद की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस यात्री मनीष का भी इलाज जारी है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

हैदरगढ़: बाइक हादसे में महिला की जान गई

सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र के गरुआ गांव निवासी सुशांत सिंह बुधवार सुबह अपनी मां मंशा सिंह को लेकर लम्भुआ जा रहे थे। रास्ते में अर्जुनपुर गांव के पास अचानक मोटरसाइकिल के सामने कुत्ता आ जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर गए।

इस दुर्घटना में मंशा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें लम्भुआ सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां से उन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया। हैदरगढ़ पहुंची 108 एंबुलेंस के मेडिकल टेक्नीशियन (एमटी) ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.