कुंती के किरदार को समझने के लिए पढ़ीं कई किताबें, बोलीं तोरल रसपुत्रा

मुंबई। सोनी सब का नया पौराणिक शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ महाभारत के शुरुआती वर्षों की कहानी को नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करने जा रहा है। शो में कुंती का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री तोरल रसपुत्रा ने बताया कि इस भूमिका की तैयारी के लिए उन्होंने कुंती पर आधारित कई किताबों का अध्ययन किया, जिससे उन्हें इस किरदार की गहराई को समझने में मदद मिली।

तोरल ने कहा कि उन्होंने ‘क्वीन कुंतीज़ टीचिंग्स’, ‘द कौन्तेयाज़– क्वीन कुंतीज़ महाभारत’ और कोरल दासगुप्ता की पुस्तक ‘कुंती’ सहित कई संदर्भ ग्रंथ पढ़े। इन पुस्तकों ने उन्हें कुंती के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया।

यह भी पढ़े - ‘यादें’ में डॉ. वाणी ने दोबारा रचा प्रपोज़ल का यादगार पल, क्या लौट आएंगी डॉ. देव की खोई यादें?

उन्होंने बताया कि उन्होंने कुंती को केवल पांडवों की मां या एक पौराणिक पात्र के रूप में नहीं देखा, बल्कि एक ऐसी महिला के रूप में समझने का प्रयास किया, जो कर्तव्य, त्याग, अपराधबोध, साहस और निस्वार्थ प्रेम के बीच संतुलन बनाते हुए जीवन की चुनौतियों का सामना करती है।

तोरल रसपुत्रा ने कहा, “कुंती इतनी गहरी और भावनात्मक किरदार हैं कि मुझे लगा कि स्क्रिप्ट से आगे जाकर उन्हें समझना जरूरी है। मैंने उनके बारे में कई किताबें पढ़ीं और हर किताब ने उनके व्यक्तित्व तथा जीवन यात्रा को अलग नजरिए से प्रस्तुत किया। उनकी ताकत, त्याग और भावनात्मक संघर्ष ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया।”

उन्होंने आगे कहा कि एक कलाकार के तौर पर उन्होंने कुंती की अपनी व्याख्या तैयार की, जिसमें वह एक मजबूत, संवेदनशील, बुद्धिमान और भावुक महिला के रूप में सामने आती हैं। उनका उद्देश्य दर्शकों को कुंती के उस मानवीय पक्ष से परिचित कराना है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण 2 जून से सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी सब पर किया जाएगा। शो में महाभारत के महान पात्रों के बचपन, रिश्तों और उन अनुभवों को दिखाया जाएगा, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व और भविष्य को आकार दिया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.