- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बांदा
- योगी सरकार का फोकस रोड सेफ्टी पर, बांदा के प्रमुख चौराहों का हो रहा चौड़ीकरण
योगी सरकार का फोकस रोड सेफ्टी पर, बांदा के प्रमुख चौराहों का हो रहा चौड़ीकरण
बांदा। उत्तर प्रदेश सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में बांदा शहर के प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण कर उन्हें सुरक्षित और सुगम बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्लिप रोड, रोटरी निर्माण और अन्य रोड सेफ्टी से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आ रही है।
महोखर बाईपास चौराहे पर स्लिप रोड, रोटरी निर्माण और रोड सेफ्टी का कार्य 2.83 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जिसका लगभग 83 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं महाराजा खेत सिंह खंगार चौराहे पर भी 2.83 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे कार्य का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा पूर्ण हो चुका है।
बांदा–नरैनी मार्ग और बांदा बाईपास के तिराहे पर 1.46 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं रोड सेफ्टी कार्य कराया जा रहा है, जहां लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा अतर्रा रोड एवं बाईपास चौराहे पर 2.98 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्य का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा पूर्ण हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार पांडे ने बताया कि सभी परियोजनाओं को मार्च माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि चौराहों के चौड़ीकरण और रोड सेफ्टी उपायों से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
