- Hindi News
- मनोरंजन
- Srinagar: लाल चौक से ‘शतक’ ध्वज यात्रा की शुरुआत, आरएसएस के 100 वर्षों पर आधारित फिल्म के प्रचार का
Srinagar: लाल चौक से ‘शतक’ ध्वज यात्रा की शुरुआत, आरएसएस के 100 वर्षों पर आधारित फिल्म के प्रचार का आगाज
श्रीनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्षों पर आधारित फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ के प्रचार के उद्देश्य से निकाली गई ‘शतक’ ध्वज यात्रा का पहला चरण श्रीनगर से शुरू होकर पंजाब के लुधियाना तक सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
ध्वज यात्रा श्रीनगर से जम्मू होते हुए लुधियाना पहुंची। जम्मू में यात्रा का लोगों ने स्वागत किया, जहां सेवा, अनुशासन और एकता के संदेश को प्रमुखता से रखा गया। आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर के विचारों से प्रेरित है।
लुधियाना में यात्रा के प्रथम चरण का समापन हुआ। इस अवसर पर 100 मोटरसाइकिलों की रैली निकाली गई, जिसे संघ के 100 वर्षों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के बीच एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें समाज सेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
आरएसएस कार्यकर्ता और फिल्म के निर्माता वीर कपूर ने कहा, “लाल चौक से शतक ध्वज यात्रा की शुरुआत होना मेरे लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है। इस यात्रा और फिल्म के माध्यम से हम संघ के सौ वर्षों की सेवा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश को कश्मीर से कन्याकुमारी तक सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास है।
फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का निर्माण वीर कपूर ने पैनोरमा स्टूडियो के सहयोग से किया है। इसे आशिष तिवारी ने सह-निर्मित किया है, जबकि निर्देशन आशिष मल्ल ने किया है। यह फिल्म 19 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
