अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या, दंपति गिरफ्तार

रांची। झारखंड के सोनाहातू थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंध और प्रतिशोध की भावना के चलते हत्या की गई थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलोचना देवी और उसके पति क्षेत्रपति महतो के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त खून लगी बांस की बल्ली सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

यह भी पढ़े - रांची में एक परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या का प्रयास किया, युवक की मौत

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने सोमवार को बताया कि मृतक हरिहर महतो का गांव की ही एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी महिला के पति को हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर हरिहर महतो की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत महिला ने हरिहर को मिलने के लिए बुलाया, जहां दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कांची नदी किनारे झाड़ियों और दलदली क्षेत्र में दबा दिया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि हरिहर महतो 31 जनवरी की शाम घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। तीन फरवरी को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया गया।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.