- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आगरा
- एआई की मदद से खुला अंधी हत्या का राज, यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली युवती की लाश की हुई पहचान, प्रेमी गि...
एआई की मदद से खुला अंधी हत्या का राज, यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली युवती की लाश की हुई पहचान, प्रेमी गिरफ्तार
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर कंबल में लिपटी मिली अज्ञात युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सुलझा ली है। मृतका की पहचान महोबा जिले की रहने वाली 25 वर्षीय सोनाली के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके प्रेमी सनी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ एआई तकनीक का सहारा लिया। एआई के जरिए युवती के चेहरे का पुनर्निर्माण (री-डेवलप) कर उसकी तस्वीर तैयार की गई और उसे विभिन्न थानों व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया। महज 24 घंटे के भीतर तस्वीर का मिलान महोबा निवासी सोनाली के सोशल मीडिया प्रोफाइल से हो गया।
इसके बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। साइबर सेल और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके तक पहुंची, जहां सोनाली अपने प्रेमी सनी के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनाली कई वर्षों से सनी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस दौरान सनी के किसी अन्य युवती से संबंध बन गए थे और वह सोनाली से पीछा छुड़ाना चाहता था। सोनाली शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दिल्ली में सोनाली की गला दबाकर हत्या की और बाद में अपने दो साथियों की मदद से शव को कार में रखकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा लाया। खंदौली क्षेत्र में एक सुनसान स्थान देखकर शव को नाले में फेंक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के हाथ पर ‘सनी’ नाम लिखा हुआ था, जिससे जांच को एक अहम सुराग मिला। आरोपी के मोबाइल की लोकेशन और सर्विलांस के आधार पर उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है। मृतका की मां और बहन दिल्ली में रहती हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। सोमवार को परिजन आगरा पहुंचकर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करेंगे।
