तरनतारन में लॉ कॉलेज परिसर में छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने की आत्महत्या

तरनतारन (पंजाब)। पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को एक लॉ कॉलेज परिसर में सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने क्लासरूम के भीतर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा की पहचान नौशेरा पन्नुआं निवासी संदीप कौर के रूप में हुई है, जो उस्मा गांव के पास स्थित लॉ कॉलेज में अध्ययनरत थी। आरोपी युवक की पहचान मल्लियां गांव निवासी प्रिंस राज सिंह के रूप में की गई है। बताया गया है कि आरोपी कॉलेज परिसर में पहुंचा और छात्रा के क्लासरूम में घुसकर उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने स्वयं को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर मृत्यु हो गई।

यह भी पढ़े - Ahmedabad: अदाणी इंटरनेशनल स्कूल में IRIS नेशनल फेयर का आयोजन, 12 राज्यों के छात्रों ने दिखाई STEM प्रतिभा

सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कॉलेज भवन को सील कर दिया गया है। घटनास्थल से पिस्तौल और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने छात्रों और कॉलेज स्टाफ के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस मामले को व्यक्तिगत विवाद या प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है। दोनों के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.