- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- यूपी बजट सत्र 2026: सुरेश खन्ना ने आर्थिक सर्वेक्षण किया पेश, सदन मंगलवार तक स्थगित
यूपी बजट सत्र 2026: सुरेश खन्ना ने आर्थिक सर्वेक्षण किया पेश, सदन मंगलवार तक स्थगित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से प्रारंभ हो गया। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ कार्यवाही शुरू हुई। इसके बाद विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखा। आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बजट सत्र की शुरुआत से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखेगी। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से रचनात्मक सहयोग की अपील भी की।
बजट सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान सरकार अपनी उपलब्धियों और विकास योजनाओं को सदन के समक्ष रखेगी, जबकि विपक्ष एसआईआर, प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अमेरिका-भारत व्यापार समझौते सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
विधानसभा में 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। वित्त मंत्री ने सभी दलों को आश्वस्त किया कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास को नई गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
