- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में जनपदीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, 30 रसोइयों ने लिया हिस्सा
बलिया में जनपदीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, 30 रसोइयों ने लिया हिस्सा
बलिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में सोमवार को जनपदीय रसोईया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विकास खंडों से आईं 30 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार पीएम श्री विद्यालय डिहवां की रसोइया उर्मिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक विद्यालय भृगु आश्रम नंबर एक की रसोइया पुष्पा देवी द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय बैरिया की रसोइया ललिता देवी तृतीय स्थान पर रहीं। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली रसोइयों को क्रमशः 3500 रुपये, 2500 रुपये एवं 1500 रुपये की पुरस्कार राशि पीएफएमएस के माध्यम से प्रदान की गई। अन्य सभी प्रतिभागियों को 350 रुपये की सांत्वना राशि दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रतिनिधि हर्ष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे तथा भाजपा नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी रसोइयों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर तृप्ति तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या शामिल रहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, जिला समन्वयक (एमडीएम) अजीत कुमार पाठक सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितेश कुमार पाठक ने किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री के प्रतिनिधि हर्ष सिंह द्वारा प्रतिभागी रसोइयों को कंबल भी वितरित किए गए।
