- Hindi News
- भारत
- Ahmedabad: अदाणी इंटरनेशनल स्कूल में IRIS नेशनल फेयर का आयोजन, 12 राज्यों के छात्रों ने दिखाई STEM प...
Ahmedabad: अदाणी इंटरनेशनल स्कूल में IRIS नेशनल फेयर का आयोजन, 12 राज्यों के छात्रों ने दिखाई STEM प्रतिभा
अहमदाबाद, फरवरी। गुजरात के अहमदाबाद स्थित अदाणी इंटरनेशनल स्कूल, शांतिग्राम में 6 से 8 फरवरी तक आयोजित IRIS नेशनल फेयर 2025-26 में देशभर की उभरती STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) प्रतिभाओं ने अपने शोध और नवाचार प्रस्तुत किए। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में 12 राज्यों और 24 शहरों से आए 75 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
IRIS (इनिशिएटिव फॉर रिसर्च एंड इनोवेशन इन STEM), एक्सस्टेम्पलर एजुकेशन लिंकर्स फाउंडेशन की पहल है, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक सोच, शोध संस्कृति और नवाचार को बढ़ावा देना है। इस मंच के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटरनेशनल साइंस एंड इंजीनियरिंग फेयर में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए गुजरात सरकार की राज्य शिक्षा मंत्री रिवाबा रविंद्रसिंह जडेजा ने कहा कि वैज्ञानिक सोच का विकास कम उम्र से ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों को केवल शिक्षा देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि विचार और समाधान विकसित करने के केंद्र के रूप में कार्य करना चाहिए।

अदाणी इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक (नॉन-एग्जीक्यूटिव) नम्रता अदाणी ने कहा कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना और उन्हें पुस्तकों से आगे सीखने के अवसर देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि IRIS नेशनल फेयर जैसे मंच छात्रों को वास्तविक जीवन की समस्याओं पर अपने ज्ञान को लागू करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रिंसिपल्स और एजुकेटर्स कॉन्फ्रेंस से हुई, जिसमें STEM शिक्षा में अनुभवात्मक और इनक्वायरी-बेस्ड लर्निंग को मजबूत करने पर चर्चा की गई। 7 फरवरी को औपचारिक उद्घाटन के साथ प्रतियोगी मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष 15 प्रोजेक्ट्स को गोल्ड मेडल और 10 को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। गोल्ड मेडल विजेता अब इंटरनेशनल साइंस एंड इंजीनियरिंग फेयर 2026 के लिए अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
समापन समारोह में नम्रता अदाणी, अदाणी ग्रुप के इंटरनेशनल एनर्जी बिजनेस के सीईओ अमित सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम ने स्कूल स्तर पर अनुसंधान, नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
