जय प्रभा सेतु से सरयू में कूदा युवक, बैग और जूता मिलने से मचा हड़कंप

बलिया: यूपी-बिहार सीमा पर स्थित जय प्रभा सेतु से शुक्रवार को एक व्यक्ति ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना पुल के पिलर नंबर आठ के पास की बताई जा रही है। छलांग लगाने वाले व्यक्ति का बैग और जूता पुल के फुटपाथ पर मिला है। सूचना के बाद पुलिस और जल पुलिस ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय सरयू नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने नाव के जरिए व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुल पर बैग और जूता पड़े होने की सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस और बलिया जनपद की चांददियर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

यह भी पढ़े - बलिया: जनेश्वर मिश्र सेतु से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी

यूपी पीएसी की जल पुलिस मोटरबोट के जरिए सरयू नदी में युवक की तलाश कर रही है। वहीं, पुलिस ने पुल पर मिले बैग की तलाशी ली तो उसमें एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर भरत यादव पुत्र रामचन्द्र यादव, ग्राम दलन छपरा, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश का पता दर्ज था।

पुलिस ने ग्राम प्रधान से संपर्क कर घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचाई। सूचना मिलने के बाद दलन छपरा से ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार भरत का परिवार पिछले चार-पांच वर्षों से गांव छोड़कर रानीगंज बाजार में किराये के मकान में रह रहा है। भरत टेंट-पंडाल का काम करता था।

बताया जा रहा है कि भरत गुरुवार शाम रानीगंज से कहीं बाहर जाने की बात कहकर निकला था। शुक्रवार को जय प्रभा सेतु से व्यक्ति के सरयू में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। पुलिस नदी में उसकी तलाश के साथ घटना की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.