- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- मिशन शक्ति अभियान: सुलह-समझौते से 8 दंपत्तियों का कराया पुनर्मिलन, परिजनों को भी किया सम्मानित
मिशन शक्ति अभियान: सुलह-समझौते से 8 दंपत्तियों का कराया पुनर्मिलन, परिजनों को भी किया सम्मानित
बलिया: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बलिया पुलिस ने पारिवारिक विवादों के निस्तारण और बिछड़े दंपत्तियों को फिर से मिलाने की दिशा में सराहनीय पहल की। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय स्थित पारिवारिक विवाद निस्तारण केंद्र/महिला सहायता प्रकोष्ठ में आयोजित कार्यक्रम में सुलह-समझौते और मध्यस्थता के जरिए 8 दंपत्तियों का पुनर्मिलन कराया गया।
पुनर्मिलन के बाद सभी 8 दंपत्तियों और उनके परिजनों को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं क्षेत्राधिकारी लाइन की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने दंपत्तियों और उनके परिजनों से उनके वर्तमान पारिवारिक जीवन को लेकर फीडबैक भी लिया।
उन्होंने दंपत्तियों को आपसी संवाद, विश्वास, सामंजस्य और सहयोग बनाए रखते हुए सुखद पारिवारिक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही परिवार में किसी भी समस्या को बातचीत और समझदारी के साथ सुलझाने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन सुश्री मंजरी राव, प्रोफेसर डॉ. राम नरेश यादव, हेड एवं डीन समाजशास्त्र, मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज, सुश्री पूजा सिंह, प्रभारी वन स्टॉप सेंटर और सुश्री अंजली सिंह, महिला समाज कल्याण विभाग बलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
