गड़वार में पुलिस मुठभेड़, शातिर गौ तस्कर के पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद

बलिया: गड़वार थाना पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद एक शातिर गौ तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी रतसड़ में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार रात करीब एक बजे गड़वार थानाध्यक्ष हितेश कुमार पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति नहर किनारे शाहपुर नट बस्ती से सटी नहर पुलिया के पास मौजूद है।

यह भी पढ़े - बकरी चराने को लेकर विवाद, महिला को लाठी-डंडों से पीटा; चार के खिलाफ मुकदमा

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुगनी नट पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार, के बाएं पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी रतसड़ भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर गौवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.