मां ने बेटे पर लगाया मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

बांसडीह, बलिया: बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सेमरी (छाता) गांव में एक मां ने अपने ही बेटे के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसका बेटा आए दिन नशे में उसके साथ मारपीट करता है और जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सेमरी (छाता) गांव निवासी शोभा पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका छोटा बेटा आशीष नाथ पांडेय आए दिन उन्हें गाली-गलौज करता है और मारपीट करता है। गुरुवार को भी बेटे ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

यह भी पढ़े - मिशन शक्ति अभियान: सुलह-समझौते से 8 दंपत्तियों का कराया पुनर्मिलन, परिजनों को भी किया सम्मानित

पीड़िता के मुताबिक, अस्पताल से वापस घर लौटने के बाद बेटा दोबारा नशे की हालत में आया और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि वह बार-बार उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता है।

शोभा पांडेय का कहना है कि बेटे के लगातार इस व्यवहार से वह पूरी तरह परेशान हो चुकी हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस स्थिति में वह कहां जाएं और क्या करें।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच-पड़ताल कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.