सीमेंट आधी कीमत पर दिलाने का झांसा, रुपये लेकर नहीं पहुंचाया सामान; बांसडीह में मुकदमा दर्ज

बांसडीह, बलिया : बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में सीमेंट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी कीमत पर सीमेंट उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने रुपये ले लिए, लेकिन न तो सीमेंट पहुंचाया और न ही रकम वापस की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सारंगपुर (खरौनी) निवासी सुमेर कुमार प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक बलिया को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 मार्च 2025 को एमडी आरिफ ने फोन कर आधी कीमत पर सीमेंट उपलब्ध कराने का वादा किया था। आरोपी ने कहा था कि सीमेंट भेजने से पहले आधी कीमत का भुगतान करना होगा। पीड़ित के अनुसार, उसने आरोपी को रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद न तो सीमेंट भेजा गया और न ही रकम वापस की गई।

यह भी पढ़े - गड़वार में पुलिस मुठभेड़, शातिर गौ तस्कर के पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद

पीड़ित का कहना है कि उसने मामले को लेकर बांसडीह कोतवाली में कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उसे आरोपी का पता वार्ड नंबर 09, हिगना ओरही, सिमराहा, फोरसगंज, बिहार का होने की जानकारी मिली।

कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने नए पुलिस अधीक्षक के आगमन के बाद दोबारा प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.