दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौट रहे युवक पर चाकू-डंडे से हमला, नकाबपोश हमलावर फरार

बलिया: बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के बिगहीं गांव में गुरुवार देर रात ननिहाल में रह रहे 26 वर्षीय युवक पर बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने चाकू और डंडे से हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी पहुंचाया, जहां उपचार के बाद शुक्रवार भोर में उसे छुट्टी दे दी गई।

थाना क्षेत्र के पुरास गांव निवासी संतोष पांडेय के पुत्र आशुतोष पांडेय उर्फ बीतन पांडेय काफी समय से अपने ननिहाल बिगहीं में रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात वह गांव में लगे दुर्गा पूजा पंडाल में गीत सुनने गए थे।

यह भी पढ़े - बकरी चराने को लेकर विवाद, महिला को लाठी-डंडों से पीटा; चार के खिलाफ मुकदमा

रात करीब साढ़े 11 बजे पंडाल से घर लौटते समय घर के पास ही पल्सर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया और चाकू व डंडे से हमला कर दिया। हमले में आशुतोष घायल हो गए।

उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस और दो सिपाही सीएचसी सोनवानी पहुंचे। कुछ देर बाद चौकी प्रभारी सत्येंद्र चौधरी भी पीड़ित के घर पहुंचे और उससे घटना की जानकारी ली।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.