45 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 22 लाख रुपये का माल बरामद

बलिया: सिकंदरपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने 45 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ब्रेजा कार भी कब्जे में ली है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजा तस्कर चार पहिया वाहन से अवैध गांजा लेकर बलिया से सिकंदरपुर होते हुए देवरिया के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर सिकंदरपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की टीम ने नगरा मोड़ पर चेकिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़े - मां ने बेटे पर लगाया मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

इसी दौरान एक सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा किया तो चालक ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 45 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान विकास कुमार यादव पुत्र जयशंकर यादव निवासी चन्दरपुरा, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर (बिहार) और शुभम सिन्हा उर्फ अमित सिन्हा उर्फ छोटू पुत्र अखौरी विमल कुमार निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद चालान भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.