नागपुर: चलती ट्रेन से प्रेमिका को धक्का देने का आरोप, टीटीई गिरफ्तार

नागपुर: शादीशुदा प्रेमी जोड़े के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक टीटीई पर अपनी प्रेमिका को चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। लोहमार्ग पुलिस (जीआरपी), नागपुर ने आरोपी टीटीई रविन्द्र निमजे को भुसावल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

करीब पांच दिन पहले अजनी लोहमार्ग पुलिस को सूचना मिली थी कि अजनी और खापरी के बीच रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर 825/30 के पास एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया। गंभीर चोटों के कारण वह तत्काल बयान देने की स्थिति में नहीं थी। करीब तीन दिन इलाज के बाद पीड़िता ने जीआरपी को अपना बयान दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि टीटीई रविन्द्र ने उसे चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने का प्रयास किया।

करीब 10 साल से थे संबंध

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी रविन्द्र मध्य रेलवे के भुसावल मंडल में टीटीई के पद पर कार्यरत है। वहीं पीड़िता मोना (बदला हुआ नाम) मूल रूप से अकोला की रहने वाली है। दोनों शादीशुदा होने के बावजूद पिछले करीब 10 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

बताया जा रहा है कि मोना का अक्सर नागपुर आना-जाना होता था। इसी दौरान ट्रेन में दोनों की पहचान हुई और बाद में उनके बीच संबंध बन गए। दोनों नागपुर में भी अक्सर मिलते थे।

पीड़िता के अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। उनके बीच आए दिन झगड़ा होता था। मोना ने रविन्द्र के खिलाफ नागपुर के यशोधरानगर और अकोला के बाजारपेठ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

ट्रेन के दरवाजे पर बुलाकर धक्का देने का आरोप

पीड़िता के बयान के मुताबिक, घटना वाले दिन वह कैंटीन का सामान लेने अकोला से नागपुर आई थी। सामान लेने के बाद अकोला लौटने के लिए वह नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। उसने हावड़ा-मुंबई मेल से यात्रा करने के लिए जनरल टिकट लिया और प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची।

मोना को पता था कि रविन्द्र भी इसी ट्रेन में ड्यूटी पर है। उससे मिलने के लिए वह ट्रेन के एसी कोच बी में चली गई। वहां रविन्द्र से मुलाकात हुई और कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि रविन्द्र ने मोना को बातचीत करने के लिए कोच के दरवाजे के पास बुलाया। पीड़िता के अनुसार, जैसे ही वह दरवाजे के पास पहुंची, रविन्द्र ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर रविन्द्र निमजे के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को भुसावल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। यह कार्रवाई नागपुर जीआरपी के पुलिस अधीक्षक शिंदे के मार्गदर्शन और पीआई गावंडे के नेतृत्व में एपीआई मानकर, येलेकर, घोंगडी, मजहर अली, मोगरे सहित पुलिस टीम ने की।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.