बलिया में तेज आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी, 100 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

बलिया। मौसम विभाग लखनऊ ने बलिया जनपद में 28 और 29 मई को तेज आंधी, बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दिनों 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 28 मई की दोपहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सक्रिय होकर देर रात तक पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंचेगा। इसके प्रभाव से 28 मई से 31 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा, आंधी-तूफान और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

यह भी पढ़े - बलिया में युवक को गोली मारने से सनसनी, पट्टीदार पर फायरिंग का आरोप

विशेष रूप से 29 मई को मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इस दिन 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तथा कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाओं के झोंके चल सकते हैं।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। आकाशीय बिजली से बचाव और उसकी जानकारी के लिए ‘दामिनी एप’ तथा मौसम संबंधी पूर्वानुमान के लिए ‘सचेत एप’ का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454417979, टोल फ्री नंबर 1077 तथा पुलिस सहायता नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.