बलिया के आर्यन पांडेय भारतीय नौसेना में बने सब लेफ्टिनेंट

बलिया। बैरिया क्षेत्र के चरजपुरा निवासी आर्यन पांडेय ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। केरल स्थित भारतीय नौसेना अकादमी एझीमला में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद आर्यन के सब लेफ्टिनेंट बनने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

आर्यन ने चार वर्षों के कठिन प्रशिक्षण के बाद भारतीय नौसेना में यह उपलब्धि हासिल की। पासिंग आउट परेड के दौरान उनके माता-पिता के साथ 95 वर्षीय दादा नंदकिशोर पांडेय भी मौजूद रहे। इस अवसर पर दादा ने अपने पौत्र के कंधों पर स्टार लगाकर गौरवपूर्ण क्षण को यादगार बना दिया।

यह भी पढ़े - CM शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बेकसूर साबित हुआ बलिया का राज सिंह, बहन बोलीं- “मेरी मां की परवरिश गलत नहीं”

आर्यन की मां कंचन पांडेय ने भावुक होकर कहा कि चार वर्ष पहले उन्होंने अकादमी को अपना बेटा सौंपा था और आज अकादमी ने उन्हें एक सब लेफ्टिनेंट लौटाया है। वहीं पिता संजय पांडेय, जो बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं, ने इसे परिवार के लिए गर्व का पल बताया।

उन्होंने कहा कि बेटे को यह सफलता माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद से मिली है। उन्होंने कामना की कि आर्यन आगे भी देश सेवा के पथ पर बढ़ते हुए परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करता रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.