आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, नलकूप अधिकारी का वेतन रोका

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अपलोड की गई निस्तारण आख्या की समीक्षा की गई, जिसमें कई विभागों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई।

समीक्षा के दौरान जिला पूर्ति विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, जिला बेसिक शिक्षा विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग तथा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारियों द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर निगेटिव निस्तारण आख्या अपलोड किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

यह भी पढ़े - Ballia News : जमीन और पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 15 लोगों पर मुकदमा

वहीं नलकूप विभाग की स्थिति और भी खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। विभाग द्वारा लगातार निगेटिव निस्तारण आख्या अपलोड किए जाने पर नलकूप अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने यह भी पाया कि कई मामलों में शिकायतकर्ताओं से फीडबैक नहीं लिया गया और निस्तारण से संबंधित फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित कर उनका फीडबैक लें तथा निस्तारण के प्रमाणस्वरूप फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड करें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिन बाद दोबारा समीक्षा की जाएगी। यदि किसी विभाग द्वारा फिर से निगेटिव आख्या अपलोड की गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए मामला शासन स्तर पर भेजा जाएगा।

बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.