‘हस्तिनापुर के वीर’ में दिखेगी महाभारत के महानायकों की अनकही कहानी, 2 जून से सोनी सब पर होगा प्रीमियर

मुंबई। सोनी सब अपने नए पौराणिक शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ के जरिए दर्शकों को महाभारत के उन शुरुआती अध्यायों से रूबरू कराने जा रहा है, जिन्होंने पांडवों और कौरवों के व्यक्तित्व और नियति को आकार दिया। यह भव्य शो 2 जून से सोमवार से शनिवार रात 9 बजे प्रसारित होगा। शो का प्रसारण सोनी सब और सोनी लिव पर किया जाएगा।

यह शो महाभारत की कथा को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करेगा, जिसमें पांडवों और कौरवों के बचपन, रिश्तों, प्रतिद्वंद्विता और संघर्षों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। भव्य हस्तिनापुर की पृष्ठभूमि में रचा गया यह धारावाहिक उन मानवीय भावनाओं और परिस्थितियों को सामने लाएगा, जिन्होंने आगे चलकर इन पात्रों को इतिहास के महान योद्धाओं में बदल दिया।

यह भी पढ़े - सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ सेट पर 200 छतरियों का वितरण, कलाकारों और क्रू को मिला खास सरप्राइज

पेनिनसुला पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस शो में कलाकारों की दमदार टीम नजर आएगी। इसमें तोरल रसपुत्रा कुंती की भूमिका निभा रही हैं, जबकि अथर खान युधिष्ठिर, सुभाष खत्री भीम, उर्वा सवालिया अर्जुन, हरित गबानी नकुल, मयंक यादव सहदेव, आयुध भानुशाली दुर्योधन और शौर्य उपाध्याय दुःशासन के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा जितेन लालवानी द्रोणाचार्य, चंदन आनंद शकुनि और मनीष वाधवा भीष्म पितामह की भूमिका में नजर आएंगे।

शो के शानदार सेट्स, पारंपरिक परिधानों और भव्य प्रोडक्शन डिज़ाइन के जरिए उस युग की शान, शक्ति और गौरव को जीवंत करने का प्रयास किया गया है।

सोनी सब के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवणकर ने कहा कि ‘हस्तिनापुर के वीर’ केवल पौराणिक कथा नहीं, बल्कि रिश्तों, मूल्यों और फैसलों की ऐसी कहानी है, जो आज भी दर्शकों को प्रेरित करती है। वहीं अभिनेत्री तोरल रसपुत्रा ने कहा कि कुंती का किरदार निभाना उनके लिए बेहद भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा।

‘हस्तिनापुर के वीर’ विरासत, साहस और नियति की एक भव्य गाथा के रूप में 2 जून से दर्शकों के सामने होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.