चंद्रशेखर की पत्रकारिता ने देश को नई वैचारिक दिशा दी : अरविंद मोहन

बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर गुरुवार को नगर के टाउन हॉल में ‘यंग इंडियन’ के संपादक चंद्रशेखर की स्मृति में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चंद्रशेखर की पत्रकारिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मोहन ने कहा कि चंद्रशेखर की पत्रकारिता ने देश में नई वैचारिक लकीर खींची थी। उन्होंने कहा कि ‘यंग इंडियन’ निकालने की बेचैनी उस समय के देश के हालातों से उपजी थी। चंद्रशेखर ने अपनी लेखनी के माध्यम से देश को नया विचार दिया, जिस पर पूरा देश सोचता था। उन्होंने कहा कि आज देश में विचारों की लड़ाई कमजोर पड़ती जा रही है और वैचारिक पत्रकारों व नेताओं की कमी महसूस की जा रही है।

यह भी पढ़े - कैंची धाम जा रहे सात दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, बलिया समेत चार की मौत

कार्यक्रम के दूसरे सत्र ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ की शुरुआत महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के प्रोफेसर एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कृपाशंकर चौबे ने की। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर ने प्रारंभ में अंग्रेजी और बाद में वर्षों तक हिंदी में ‘यंग इंडियन’ का संपादन किया। उनकी पत्रकारिता में गांधी जी के स्वराज की झलक दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर के लेखन में कुपोषण, बेरोजगारी और अंतिम व्यक्ति की पीड़ा प्रमुख विषय होते थे।

वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर की पत्रकारिता सत्ता से सवाल करने वाली पत्रकारिता थी। वे कभी सत्ता के सामने झुके नहीं और अपनी खबरों का कभी खंडन नहीं किया। वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्रनाथ श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी पत्रकारिता का केंद्र गरीबी और बेरोजगारी थी। वे सरल शब्दों में गंभीर बात कहने की अद्भुत क्षमता रखते थे।

बीएचयू के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानप्रकाश मिश्र ने कहा कि चंद्रशेखर ने पत्रकारिता और युवाओं दोनों को नई दिशा दी। उन्होंने घोषणा की कि बीएचयू के पत्रकारिता विभाग में चंद्रशेखर के नाम पर एक शोधपीठ स्थापित करने की पहल की जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ चंद्रशेखर के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर श्याम जी त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, राणा प्रताप सिंह, संत कुमार मिठाई लाल गुप्त, चंद्रशेखर सिंह, यशपाल सिंह, अनिल सिंह, मनोरंजन सिंह, अजय उपाध्याय, उमाशंकर सिंह, अजय सिंह, सुशील कुमार पांडेय कान्ह जी, अरविंद शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रशेखर जन्मशताब्दी वर्ष समारोह समिति के अध्यक्ष श्यामबहादुर सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अखिलेश सिन्हा ने किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.