बलिया में मुठभेड़ के बाद शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह थाना पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बांसडीह थाना पुलिस टीम सोमवार रात सारंगपुर मार्ग पर महुआ बाग के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।

यह भी पढ़े - बलिया में उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर का शानदार आगाज

खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप साहनी, निवासी डुही मुसी, थाना बांसडीह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 11 फरवरी को उसने पवन कुमार नामक व्यक्ति को झांसा देकर उसकी मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.