बलिया में कार की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा–फेफना मार्ग पर मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय लुकमान खां के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सासाराम, बिहार का निवासी था। वह रसड़ा कस्बे के मोहल्ला उत्तर पट्टी निवासी नाथू खां का दामाद था और उसी मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर अमहर चट्टी स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करता था।

यह भी पढ़े - बलिया में दो सीडीपीओ समेत आठ कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन पर रोक

बताया गया कि मंगलवार की देर रात वह मिठाई की दुकान से साइकिल से रसड़ा लौट रहा था। जब वह अमहर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी रसड़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लुकमान गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.