आरएसएस शताब्दी वर्ष पर बनी फिल्म ‘शतक’ डॉ. हेडगेवार की प्रेरक गाथा को बड़े पर्दे पर लाएगी: मोहन भागवत

मुंबई, फरवरी 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर निर्मित फिल्म ‘शतक’ को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। नई दिल्ली स्थित केशव कुंज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने फिल्म को लेकर अपने विचार साझा किए और कहा कि यह केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक वैचारिक यात्रा का सजीव चित्रण है।

मोहन भागवत ने अपने संबोधन में आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र संगठन और समाज जागरण के कार्यों को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार का जीवन त्याग, अनुशासन और अखंड राष्ट्रभाव का प्रतीक रहा है।

यह भी पढ़े - शिबोप्रसाद मुखर्जी ने ‘फैमिलीवाला’ और ‘द गोल्डन डाकू’ से रचनात्मक दायरा बढ़ाया

उन्होंने कहा कि फिल्म ‘शतक’ के माध्यम से डॉ. हेडगेवार के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंगों को सामने लाने का प्रयास किया गया है। भागवत ने विशेष रूप से फिल्म के एक गीत का उल्लेख किया, जिसमें डॉ. हेडगेवार के बाल्यकाल के एक मार्मिक प्रसंग को चित्रित किया गया है, जिसने उनके व्यक्तित्व को दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की दिशा दी।

आरएसएस प्रमुख ने इस फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और सहयोगियों को उनके प्रयासों के लिए बधाई और धन्यवाद भी दिया।

फिल्म ‘शतक’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्ष की यात्रा को समर्पित है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म 20 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.