बलिया डीएम की सख्ती, बांसडीह ब्लॉक को लंबित धनराशि शीघ्र खर्च करने का निर्देश

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को बांसडीह विकास खंड का औचक निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं व कार्यालयी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई विभागीय भवन जर्जर अवस्था में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ऐसे भवनों को तत्काल कंडम घोषित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विकास खंड परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अलमारियों में रखी फाइलों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और अभिलेखों के अद्यतन संधारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े - बलिया में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र व अपात्र लाभार्थियों के डाटा को तत्काल अपडेट करने को कहा। इसके साथ ही वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों की सूची को भी अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकास खंड के गोदामों का भी निरीक्षण किया, जहां अलमारियां, पंखे और अन्य उपकरण अनुपयोगी अवस्था में पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि अनुपयोगी कबाड़ की सूची तैयार कर उसे नीलाम किया जाए और प्राप्त धनराशि को विभागीय कोष में जमा कराया जाए।

वित्तीय अभिलेखों की जांच के दौरान जिलाधिकारी ने पांचवें और 15वें वित्त आयोग की धनराशि का विवरण मांगा। रजिस्टर के अवलोकन में पाया गया कि पांचवें वित्त आयोग के अंतर्गत सामूहिक विवाह योजना के लिए तीन लाख 15 हजार रुपये की धनराशि शेष है। जिलाधिकारी ने इस राशि को तत्काल खर्च कर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त एक करोड़ 14 लाख रुपये की शेष धनराशि को भी शीघ्र उपयोग में लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

औचक निरीक्षण के दौरान विकास खंड के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के समय बांसडीह के खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.