बलिया डीएम की बैठक से तीन अफसर गैरहाजिर, मांगा स्पष्टीकरण

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (अप्रैल 2026) की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल तथा दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाए और निजी अस्पतालों के पंजीकरण की जांच सुनिश्चित की जाए। अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पतालों को सीज करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़े - बरनवाल सेवा समिति का होली मिलन समारोह प्रेम और सौहार्द्र के माहौल में संपन्न

उन्होंने कहा कि मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए और बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। गरीब मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में दिव्यांग कल्याण विभाग, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तीनों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि एमओआईसी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम के साथ बैठक कर संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी और बीडीओ को भी ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने 25 मार्च तक नगर निकाय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और सफाई कर्मियों की बैठक सुनिश्चित कराने, माइक्रो प्लान तैयार करने और संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल व शेल्टर की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.