- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में गोंड जाति प्रमाण पत्र पर सख्त हुई स्क्रूटनी कमेटी, बिना साक्ष्य आवेदन खारिज
बलिया में गोंड जाति प्रमाण पत्र पर सख्त हुई स्क्रूटनी कमेटी, बिना साक्ष्य आवेदन खारिज
बलिया। जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी की बैठक विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें गोंड जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने से जुड़े मामलों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में शिकायतकर्ताओं की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं ने अपने-अपने पक्ष में साक्ष्य और दस्तावेज जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
समीक्षा के दौरान अधिवक्ताओं ने यह मामला भी उठाया कि दीपक खरवार के नाम से जारी जाति प्रमाण पत्र पर सवाल है। प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर दावा किया गया कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में दीपक कुमार हैं और कमकर जाति से संबंध रखते हैं। इस संबंध में उपलब्ध दस्तावेज जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक में परमात्मानंद के जाति प्रमाण पत्र का मामला भी सामने आया। जानकारी छिपाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी कि सभी तथ्य सही और पूर्ण रूप से प्रस्तुत किए जाएं, अन्यथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जाति प्रमाण पत्र जारी करने की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, तथ्यपरक जांच और सख्ती बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या गलत दस्तावेज पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में तहसीलदार सदर, संबंधित अधिवक्ता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
