- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया एसपी की बड़ी कार्रवाई : निरीक्षक के बाद थानेदार भी सस्पेंड, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
बलिया एसपी की बड़ी कार्रवाई : निरीक्षक के बाद थानेदार भी सस्पेंड, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
बलिया। वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी विभागीय कार्रवाई करते हुए उभांव थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला को निलंबित कर दिया है। इससे पहले इसी मामले में निरीक्षक (अपराध) नरेश कुमार मलिक को भी सस्पेंड किया जा चुका है। लगातार दूसरी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, निरीक्षक (अपराध) नरेश कुमार मलिक का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में एक आवेदिका के आरोपपत्र को जमा करने के संबंध में आपत्तिजनक बातचीत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने 13 अप्रैल 2026 को नरेश कुमार मलिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
जांच के दौरान उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला की भी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को उन पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया।
पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) स्तर से कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वादिनी/पीड़िता फिलहाल कहीं बाहर गई हुई है, जिससे संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता से संपर्क होते ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
एसपी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। वायरल ऑडियो प्रकरण ने जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है।
