- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दो बोरी गेहूं के विवाद में बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या की, मां गंभीर घायल
बलिया में दो बोरी गेहूं के विवाद में बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या की, मां गंभीर घायल
बलिया। जिले के रसड़ा क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दो बोरी गेहूं बेटी को देने से नाराज एक बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मौके पर ही मृतक की पत्नी घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें तत्काल सीएचसी रसड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस पूछताछ में मृतक के पुत्र शुकुल चौहान ने बताया कि उनके पिता ने अपनी बेटी को दो बोरी गेहूं दे दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी बेटा पप्पू चौहान पिछले दो दिनों से नाराज चल रहा था और परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। आरोप है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पप्पू चौहान ने अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
शुकुल चौहान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद शोक और सनसनी का माहौल है। परिवारिक विवाद में हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
