- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- रोहुआ में ‘स्कूल चलो रैली’ से गूंजा सब पढ़ें-सब बढ़ें का संदेश, बच्चों और शिक्षकों में दिखा उत्साह
रोहुआ में ‘स्कूल चलो रैली’ से गूंजा सब पढ़ें-सब बढ़ें का संदेश, बच्चों और शिक्षकों में दिखा उत्साह
बलिया। शिक्षा क्षेत्र बेलहरी की ग्राम पंचायत रोहुआ में ‘सब पढ़ें-सब बढ़ें’ का संदेश लेकर समस्त परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के बच्चों ने स्कूल चलो रैली निकालकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। गांव की गलियों और सड़कों पर “शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन” जैसे नारों की गूंज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि मृत्युंजय तिवारी ने परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आज के सरकारी स्कूलों के बच्चे किसी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं। उन्होंने बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षित और योग्य शिक्षक बच्चों के भविष्य को मजबूत आधार दे रहे हैं।
कार्यक्रम में एआरपी बृज बिहारी सिंह ने बताया कि निपुण आकलन के परिणाम में बेलहरी शिक्षा क्षेत्र ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और प्रदेश के करीब 840 शिक्षा क्षेत्रों में 50वां स्थान हासिल किया है, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक और शैक्षिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को उल्लासपूर्ण, भयमुक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा 2025 में सफल उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहुआ के छात्र सत्यम को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। उसकी इस उपलब्धि पर शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. शशि भूषण मिश्र ने किया, जबकि सुनील कुमार दुबे ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
