- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया के शिक्षक शंकर कुमार रावत को मिला ‘राष्ट्रीय बालशिक्षा शिखर सम्मान 2026’
बलिया के शिक्षक शंकर कुमार रावत को मिला ‘राष्ट्रीय बालशिक्षा शिखर सम्मान 2026’
बलिया। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट योगदान के लिए जनपद के एक और शिक्षक ने प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय शेरवां कलां, शिक्षा क्षेत्र गड़वार के राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक शंकर कुमार रावत को ‘राष्ट्रीय बालशिक्षा शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है।
शंकर कुमार रावत को उनकी पुस्तक ‘मेरी शिक्षकीय यात्रा’ में प्रकाशित लेख ‘ढेर दिन वाला टीचर’ तथा शिक्षा जगत में लगातार किए जा रहे नवोन्मेषी कार्यों के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।
विशेष बात यह रही कि ‘मेरी शिक्षकीय यात्रा’ पुस्तक में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड के शिक्षक-लेखकों के लेख शामिल हैं। इस पुस्तक के संपादन कार्य में भी शंकर कुमार रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पुस्तक में शिक्षकों ने अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया है। इसी क्रम में शंकर कुमार रावत ने भी अपने दस वर्षों की संघर्षपूर्ण शिक्षकीय यात्रा का विस्तार से वर्णन किया है, जिसे काफी सराहा गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक शंकर कुमार रावत ने कहा कि शिक्षकों को बदलते समय के साथ नई शिक्षण शैली, तकनीक और नवाचार सीखते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षिक संवाद केवल बोलने के लिए नहीं, बल्कि सुनने, समझने और सीखने का बेहतर मंच होते हैं, जहां से शिक्षक अपने विद्यालय और विद्यार्थियों के लिए नई दिशा प्राप्त कर सकते हैं।
