- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- प्यार, तकरार और फिर इजहार : भगवान को साक्षी मान प्रेमी युगल ने लिए सात फेरे, बलिया की चर्चित लव स्टो...
प्यार, तकरार और फिर इजहार : भगवान को साक्षी मान प्रेमी युगल ने लिए सात फेरे, बलिया की चर्चित लव स्टोरी बनी मिसाल
बलिया। जिले की चर्चित प्रेम कहानी आखिरकार सुखद अंजाम तक पहुंच गई। कई दिनों तक चर्चा में रहे प्रेमी युगल ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित महर्षि भृगु मंदिर में भगवान को साक्षी मान सात फेरे लिए और हमेशा साथ निभाने का वचन दिया। एक-दूसरे के गले में वरमाला डालते ही दोनों पति-पत्नी बन गए। यह वही प्रेम कहानी है, जिसने 7 अप्रैल को पूरे जिले का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था।
बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय युवती का दूसरे गांव के 19 वर्षीय युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने युवक को अपने घर बुलाकर शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने फिलहाल शादी से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि पहले उसके बड़े भाई की शादी हो जाए, उसके बाद वह विवाह करेगा। विवाद बढ़ने पर युवक ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। समझाने-बुझाने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया, लेकिन यह बात युवती को नागवार गुजरी।
नाराज युवती अगले ही दिन मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी की मांग पर अड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने और प्रेमी से फोन पर बात कराने के बाद युवती सकुशल नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
आखिरकार गुरुवार को दोनों परिवारों की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में महर्षि भृगु मंदिर में विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर परिसर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात जन्म तक साथ निभाने का संकल्प लिया। इस अनोखी प्रेम कहानी का सुखद अंत अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
