बलिया में लाठी-डंडों से पीटकर वृद्ध की हत्या, खेत विवाद की आशंका

बलिया, रेवती थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा लाठी-डंडों से पीटकर एक वृद्ध की हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना रेवती कस्बे के वार्ड नंबर 9 की है। यहां निवासी श्रीराम पांडेय (लगभग 62 वर्ष) शुक्रवार सुबह अपने घर के पास मृत अवस्था में पाए गए। सूचना पर एएसपी (दक्षिणी) कृपा शंकर और सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने मौके का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़े - बलिया का यह सरकारी स्कूल बना मिसाल, नए सत्र में ऐसे करेगा बच्चों का स्वागत

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का गांव के ही कुछ लोगों से मक्का तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते भृगुनाथ सिंह और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.