बलिया में स्कूल चलो अभियान का आगाज, 6 से 14 वर्ष के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य

बलिया : समग्र शिक्षा अभियान के तहत जनपद में स्कूल चलो अभियान 2026-27 के प्रथम चरण का शुभारंभ बुधवार को तहसीली स्कूल परिसर में किया गया। यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित होगा, जिसका उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और परिषदीय विद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुई।

यह भी पढ़े - अभिजीत तिवारी सत्यम को असम विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी

इस दौरान जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट नामांकन करने वाले विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सर्वोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा अंशिका कुमारी को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जनसहयोग पर जोर दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रमिक वर्ग के ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयों में दाखिला दिलाया जाए, जो अब तक स्कूल से दूर हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने आगामी सत्र में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि जनपद के सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी माधवेंद्र पांडेय, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.