93.80% अंक लाई नकिता : रिजल्ट आया तो खुशी और गम से रो पड़ा पूरा परिवार

श्रीगंगानगर : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में जिले के रावला क्षेत्र के 7 KND गांव की छात्रा नकिता ने कला वर्ग में 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर पीईईओ क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हालांकि, इस सफलता का जश्न परिवार और स्कूल नहीं मना सके, क्योंकि परिणाम जारी होने से 11 दिन पहले 20 मार्च को नकिता का निधन हो गया था।

7 KND राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा नकिता पढ़ाई में बेहद मेधावी और अनुशासित मानी जाती थी। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि वह शांत स्वभाव की छात्रा थी और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही थी। अचानक पीलिया और शुगर की बीमारी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़े - एएएचएल-ब्लिंकिट ने मुंबई एयरपोर्ट पर शुरू की देश की पहली इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स सेवा

परिजनों के अनुसार, मजदूर पिता मंगल सिंह और मां चरणजीत कौर ने बेटी के इलाज के लिए अपनी जमा-पूंजी बीकानेर के अस्पतालों में खर्च कर दी, लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।

मंगलवार को जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ और नकिता के 93.80 प्रतिशत अंक सामने आए, घर में खुशी के साथ गम का माहौल छा गया। मां चरणजीत कौर बेटी को याद कर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी दिन-रात मेहनत करती थी और परिवार का नाम रोशन करना चाहती थी।

नकिता की इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक और सहपाठी भी भावुक हो गए। शिक्षकों ने उसे विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराकर पढ़ाई करने वाली छात्रा बताया। उसकी खाली बेंच और शानदार मार्कशीट अब पूरे विद्यालय को उसकी कमी का अहसास करा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.