बलिया : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बलिया : उभांव थाना क्षेत्र के पिपरौली बड़ा गांव के असरेपुर निवासी 30 वर्षीय बृजेश पासी का शव मंगलवार रात घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, बृजेश मंगलवार को सामान्य दिनचर्या के तहत अपने कमरे में था और उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर पिता राजदेव पासी को चिंता हुई। उन्होंने आसपास से देखा तो बेटे को अचेत अवस्था में पाया, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़े - बलिया में 25 मार्च को 448 हेडमास्टर होंगे सम्मानित, बीएसए ने जारी की सूची

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बृजेश नशे का आदी था और इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। उसकी पत्नी सरस्वती कुछ समय से मायके में रह रही थी। परिवार में उसके दो छोटे बेटे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.