- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सीआईएससीई जोनल खो-खो प्रतियोगिता में सेक्रेड हार्ट स्कूल का दबदबा, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सीआईएससीई जोनल खो-खो प्रतियोगिता में सेक्रेड हार्ट स्कूल का दबदबा, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बलिया। सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया के खेल परिसर में 7 मई को आयोजित सीआईएससीई जोनल खो-खो प्रतियोगिता खेल कौशल, रोमांच और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम बन गई। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज़ी, फुर्ती, रणनीति और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
मेज़बान सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में अपना वर्चस्व कायम किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
अंडर-14 बालक वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट मेरीज़ स्कूल, जमानिया दूसरे और साई इंटरनेशनल स्कूल, आज़मगढ़ तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालिका वर्ग में भी सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया ने पहला स्थान हासिल किया। ज्योति निकेतन, आज़मगढ़ दूसरे और सेंट मेरीज़ स्कूल, जमानिया तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-17 बालिका वर्ग में ज्योति निकेतन, आज़मगढ़ विजेता रहा, जबकि सेंट मेरीज़ स्कूल, जमानिया उपविजेता बना।
अंडर-19 बालक वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया ने प्रथम और सेंट मेरीज़ स्कूल, मिर्जापुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में भी सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट मेरीज़ स्कूल, मिर्जापुर दूसरे और सेंट मेरीज़ स्कूल, जमानिया तीसरे स्थान पर रहा।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता में सेक्रेड हार्ट स्कूल, बलिया, ज्योति निकेतन आज़मगढ़, सेंट मेरीज़ स्कूल जमानिया, सेंट मेरीज़ स्कूल मिर्जापुर तथा साई इंटरनेशनल स्कूल आज़मगढ़ सहित विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता पाण्डेय ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले निर्णायकों, रेफरी, खेल विभाग, शिक्षकों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की।
