- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया पुलिस न्यूज : यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी गौ-तस्कर अंकुश यादव
बलिया पुलिस न्यूज : यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी गौ-तस्कर अंकुश यादव
बलिया। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 50 हजार रुपये के इनामी गोवंश तस्कर अंकुश यादव उर्फ बंटी को जौनपुर जनपद के शाहगंज कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम उसे बलिया के बैरिया थाने लेकर पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष मांझी घाट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गोवंश तस्करी का मामला सामने आया था। आरोप है कि ट्रक में पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरकर बिहार ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया था, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
घटना के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अमित यादव के पैर में गोली लगी थी, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किया था।
इस मामले में 17 दिसंबर को बैरिया थाने में पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक अंकुश यादव उसी ट्रक का मालिक था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ के उपनिरीक्षक जावेद आलम और चंद्रप्रकाश मिश्र, मुख्य आरक्षी बरनाम सिंह और यशवंत कुमार सिंह तथा आरक्षी चालक अफजाल शामिल रहे।
