- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : मानसून से पहले कटहल नाला का एक किलोमीटर हिस्सा बनेगा मॉडल प्रोजेक्ट
Ballia News : मानसून से पहले कटहल नाला का एक किलोमीटर हिस्सा बनेगा मॉडल प्रोजेक्ट
बलिया। मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि कटहल नाला में चल रहा खुदाई कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। परियोजना की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि मानसून से पहले करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में पक्के निर्माण कार्य को पूरा करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
निर्देशों के अनुसार रिटेनिंग वॉल का निर्माण मई माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया है। इसके साथ ही स्टोन पिचिंग का कार्य भी मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य में तकनीकी सहयोग के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से मार्गदर्शन लेने को कहा गया है।
अधिकारियों ने पाथ-वे मार्ग में मिट्टी भराई कर उसे मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि बाढ़ के दौरान रास्ते को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग से सहयोग लेने की बात कही गई।
साथ ही पूरे नाले की मानसून पूर्व सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जल प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कार्यदाई संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता और गंभीरता के साथ पूरे किए जाएं तथा समय-समय पर तकनीकी परीक्षण भी कराया जाए, जिससे मानसून और संभावित बाढ़ के दौरान परियोजना को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में कटहल नाला का निर्माण कार्य मानसून से पहले पूरा कराया जाएगा, जबकि बाकी कार्य बारिश के बाद किए जाएंगे। कार्यदाई संस्था ने इस हिस्से को मॉडल परियोजना के रूप में विकसित करने की योजना भी प्रस्तुत की है।
