बलिया में सड़क हादसा : ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल

बलिया। नगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार ढेकवारी गांव निवासी सुरेंद्रनाथ पांडेय (58) अपनी पत्नी उर्मिला (55) के साथ बाइक से भरथाव गांव किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ढेकवारी-किशोरगंज मार्ग पर पंडितपुरा गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब सड़क के कारण अनियंत्रित हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया : सहतवार रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के धक्के से बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया उर्मिला के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेंद्रनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.