वाराणसी कचहरी में नई पार्किंग सुविधा शुरू, जाम से मिलेगी राहत

वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ती जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नए पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया। फीता काटकर शुरू की गई इस सुविधा को आमजन, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

कचहरी और आसपास का इलाका शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में गिना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और वाहन पहुंचते हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े किए जाते थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती थी और आए दिन जाम की स्थिति बनती थी।

यह भी पढ़े - Varanasi News : गंगा में नाव पर चिकन पार्टी का वीडियो वायरल, 5 नाविक गिरफ्तार

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्ययोजना तैयार कराई।

सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठक और चर्चा के बाद इस स्थान को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया गया। यहां लगभग 1000 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग सुविधा के शुरू होने से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण होगा और कचहरी क्षेत्र में जाम की समस्या में काफी कमी आएगी।

उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त वाराणसी और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से इस पार्किंग स्थल को महज एक महीने में विकसित किया गया है, ताकि अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सके।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.