- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, प्रभारी जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
बलिया में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, प्रभारी जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
बलिया। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ने बतौर प्रभारी जिलाधिकारी जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने हाई-रिस्क गर्भावस्था के मामलों की कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके।
बैठक में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। ‘कायाकल्प’ योजना के तहत अस्पतालों में स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने और मरीजों के लिए पेयजल व बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आशा बहुओं और एएनएम के कार्यों की समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। आगामी मौसम को देखते हुए डेंगू और मलेरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने हेल्थ डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षकों को चेतावनी देते हुए सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे मरीजों के साथ मृदुल व्यवहार करें और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से भटकने न दें।
