- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: सड़क हादसे में बलिया के युवा व्यवसायी की मौत
Ballia News: सड़क हादसे में बलिया के युवा व्यवसायी की मौत
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह कस्बे के एक युवा व्यवसायी की देवरिया जनपद में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना देवरिया जनपद की बिहार सीमा के पास हुई, जिससे मृतक के परिवार और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि बघाड़ा–विजयीपुर मार्ग पर आगे चल रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे दीपक की बाइक ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दीपक की मां शांति देवी, पिता माणिकचंद गुप्ता और उनके दोनों भाई बदहवास बताए जा रहे हैं। मंगलवार को देवरिया मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अंतिम संस्कार बलिया स्थित महावीर घाट पर किए जाने की तैयारी है।
दीपक गुप्ता की असामयिक मृत्यु पर नगर पंचायत चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर, अभिजीत तिवारी ‘सत्यम’, सभासद अनमोल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
