एनएससीटी में पंजीकरण का लाभ: बलिया के दिवंगत शिक्षक की पत्नी को मिलेगा 8–10 लाख रुपये का सहयोग

बलिया। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संस्था नेशनल सेल्फ केयर टीम (एनएससीटी) ने अपने एक दिवंगत सदस्य के परिवार को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। संस्था के अनुसार, पंजीकरण और निर्धारित लॉकिंग पीरियड पूरा होने के आधार पर यह सहायता प्रदान की जाएगी।

एनएससीटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद के देवरियाकला (खोरीपाकड़) निवासी शत्रुध्न कुमार 3 अप्रैल 2025 को संस्था से जुड़े थे। इससे पहले 26 फरवरी 2025 को एनएससीटी का गठन किया गया था। अक्टूबर 2025 में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। संस्था ने बताया कि उस समय तक न तो कोई अनिवार्य वार्षिक शुल्क लिया गया था और न ही दिवंगत सदस्य से किसी प्रकार का अंशदान कराया गया था।

यह भी पढ़े - बलिया में मुठभेड़ के बाद शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

संस्था के अनुसार, छह माह का लॉकिंग पीरियड पूर्ण होने के बाद सदस्य की मृत्यु के आधार पर उनके परिवार को सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

एनएससीटी के प्रमुख विवेकानंद ने बताया कि एक मार्च को दिवंगत सदस्य की नॉमिनी और पत्नी सुनैना का बैंक खाता विवरण सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा। इसके बाद एक से 15 मार्च के बीच प्रदेश भर से जुड़े सदस्य 50-50 रुपये का अंशदान सीधे उनके खाते में जमा करेंगे। इस सामूहिक सहयोग से पीड़ित परिवार को आठ से दस लाख रुपये तक की सहायता मिलने की संभावना है।

संस्था के सह-संस्थापक संजीव रजक ने कहा कि एनएससीटी का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को समय पर आर्थिक और नैतिक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे योगदान मिलकर किसी संकटग्रस्त परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सकते हैं। संस्था से शिक्षा विभाग के कर्मियों को छोड़कर पत्रकार, वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, व्यापारी, किसान, मजदूर, छात्र और गृहिणी सहित विभिन्न वर्गों के लोग जुड़ सकते हैं।

एनएससीटी के जिलाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि प्रदेश भर में संस्था के 31 हजार से अधिक सदस्य हैं, जिनमें बलिया जिले से 1500 से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि संस्था प्रमुख के निर्देश पर 25 फरवरी को जिला इकाई दिवंगत शत्रुध्न कुमार के घर जाकर स्थलीय सत्यापन करेगी और उनकी पत्नी के बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज प्राप्त करेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.