प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे, बलिया में नौ दिवसीय मेला शुरू

बलिया। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 18 मार्च से 26 मार्च तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था, सड़क निर्माण, पर्यटन और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

यह भी पढ़े - जौनपुर : ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र का किया औचक निरीक्षण

उन्होंने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है और बलिया में मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका शिलान्यास जल्द किया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कों से क्षेत्र में विकास को गति मिली है।

जिलाधिकारी ने “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के तहत बलिया के सत्तू और बिंदी को मिली पहचान का उल्लेख किया। साथ ही “लखपति दीदी” योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पेयजल आपूर्ति पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर डीडीओ आनंद प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.