- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘घरवाली पेड़वाली’ में अंकित मोहन की एंट्री, यक्ष के किरदार से आएगा नया ट्विस्ट
‘घरवाली पेड़वाली’ में अंकित मोहन की एंट्री, यक्ष के किरदार से आएगा नया ट्विस्ट
मुंबई, एण्डटीवी का सुपरनैचुरल कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़वाली’ अपने मजेदार ट्विस्ट और हल्के-फुल्के हास्य से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। अब शो की कहानी में एक नया मोड़ आने जा रहा है। अभिनेता अंकित मोहन शो में यक्ष के किरदार में एंट्री करने वाले हैं।
अंकित मोहन ने अपने किरदार के बारे में कहा कि जब उन्होंने पहली बार इस भूमिका के बारे में सुना तो उन्हें यह तुरंत दिलचस्प लगी, क्योंकि इसमें कई परतें हैं। कहानी में मैडी, जीतू का दोस्त बनकर सामने आता है, जो पहली नजर में सामान्य और आकर्षक लगता है, लेकिन उसके इस मानवीय रूप के पीछे यक्ष छिपा है, जिसका अतीत लतिका से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह किरदार इंसानी और अलौकिक दुनिया के बीच मौजूद है, इसलिए इसे निभाना चुनौतीपूर्ण और रोमांचक दोनों है। उनके अनुसार यक्ष केवल एक साधारण भूत नहीं है, बल्कि उसके साथ अतीत की यादें, भावनाएं और अधूरी कहानियां जुड़ी हुई हैं, जो धीरे-धीरे कहानी में सामने आएंगी।
अंकित मोहन का मानना है कि यक्ष की मौजूदगी से शो की कहानी में नया मोड़ आएगा। लतिका के साथ उसका रिश्ता कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ेगा, जबकि जीतू के साथ उसकी दोस्ती कई मजेदार और अप्रत्याशित पल लेकर आएगी।
दर्शक अंकित मोहन को यक्ष उर्फ मैडी के रूप में ‘घरवाली पेड़वाली’ में हर सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे और 10:00 बजे सिर्फ एण्डटीवी पर देख सकते हैं। शो के सभी एपिसोड ज़ी5 पर भी उपलब्ध हैं।
